नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
सोनभद्र की महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी ‘सोन अर्थ’ ब्रांड से नई पहचान
सरस मेले में विधायक भूपेश चौबे, डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने किया लोगो का अनावरण
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोनभद्र में ‘सोन अर्थ’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। गुरुवार को राबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित डायट परिसर में आयोजित सरस मेले में सदर विधायक भूपेश चौबे, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने ‘सोन अर्थ’ लोगो का अनावरण किया।

विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। ‘सोन अर्थ’ ब्रांड से उनके उत्पादों को अलग पहचान मिलेगी और बड़े बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा। उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बेहतर विपणन से महिलाओं की आय बढ़ेगी और वे सफल उद्यमी बन सकेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर सीडीओ जागृति अवस्थी, एनआरएलएम उपायुक्त रवीन्द्र वीर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Comments