नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोरखनाथ मंदिर में नितिन नबीन ने किए दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत, अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंटकर किया अभिनंदन
गोरखपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे नितिन नबीन ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

मंदिर पहुंचने पर नितिन नबीन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और गोरखनाथ मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के साथ नाथपंथ से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अंगवस्त्र, प्रसाद और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। मंदिर में प्रसाद और जलपान ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रविकिशन शुक्ल, विजय दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और विधायक विपिन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Comments