त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस ने की पीस कमेटी की बैठक
क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने सम्भ्रान्त नागरिकों और धर्मगुरुओं से किया संवाद, अफवाहों से दूर रहने की अपील
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं छठ पूजा सहित अन्य त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा सम्भ्रान्त नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठकों में सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। सोनभद्र पुलिस ने त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही।


Comments