देव दीपावली में आगंतुकों को मिलेगा दिव्य काशी का अनुभव, योगी सरकार ने आयोजन को दिया वैश्विक स्वरूप

इसके बाद सारनाथ का भ्रमण और शाम को काशी की आध्यात्मिक आभा का अनुभव कराया जाएगा।

हर्षिता यादव  Picture
Published On

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने देव दीपावली के आयोजन को नई पहचान दी है। वाराणसी के गंगा घाटों पर देव दीपावली-2026 की अलौकिक आभा को करीब से अनुभव करने की इच्छा रखने वाले पर्यटकों के लिए पर्यटन विभाग ने खास टूर पैकेज तैयार किया है। देव दीपावली पर काशी की आध्यात्मिक आभा, दीपों से सजे गंगा घाटों और समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का अविस्मरणीय अनुभव कराने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने चार दिन-तीन रात का विशेष देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव टूर पैकेज तैयार किया है। इस अनूठी पहल के माध्यम से देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक काशी की प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और देव दीपावली की भव्यता को एक ही यात्रा में अनुभव कर सकेंगे।

देव दीपावली के दौरान काशी के घाटों पर होने वाला दीपोत्सव अद्वितीय आकर्षण होता है। गंगा तट पर असंख्य दीपों की आभा, गंगा आरती, मंदिरों की भव्य सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करती हैं। इस दिव्य अनुभव को पर्यटन पैकेज के रूप में पर्यटकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यूपीएसटीडीसी ने बजट, डीलक्स और प्रीमियम, तीन श्रेणियों में विशेष टूर पैकेज तैयार किए हैं। पैकेज के तहत पर्यटकों को देव दीपावली गंगा बोट राइड, काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन, गंगा आरती, सारनाथ भ्रमण, हेरिटेज वॉक तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव का अवसर मिलेगा।

यात्रा के पहले दिन पर्यटकों के वाराणसी आगमन पर एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर उनके स्वागत से शुरुआत होगी। तत्पश्चात, होटल चेक-इन और काशी विश्वनाथ धाम में संध्या दर्शन के साथ गंगा आरती का अनुभव पर्यटकों को मिलेगा। यात्रा के दूसरे दिन सुबह गंगा बोट राइड के साथ काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इनमें काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, काल भैरव मंदिर आदि प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। इसके बाद सारनाथ का भ्रमण और शाम को काशी की आध्यात्मिक आभा का अनुभव कराया जाएगा।

तीसरे दिन पर्यटकों के लिए यात्रा का सबसे खास पड़ाव देव दीपावली उत्सव होगा। काशी के जगमगाते घाटों पर दीपों की अनुपम छटा, भव्य सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पर्यटकों को देव दीपावली की दिव्यता का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा। इस दौरान विशेष देव दीपावली गंगा बोट एक्सपीरियंस पर्यटकों के अनुभव को और यादगार बनाएगा। गंगा की लहरों के बीच नौका विहार करते हुए दीपों की आभा से जगमगाते घाटों का मनोहारी दृश्य काशी की आध्यात्मिकता को अविस्मरणीय बनाएगा। यूपीएसटीडीसी ने पर्यटकों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए पैकेज को बजट (स्टैंडर्ड होटल), डीलक्स (3 स्टार होटल) और प्रीमियम (4/5 स्टार होटल) तीन श्रेणियों में रखा है। बजट पैकेज का शुल्क 15,999 रुपये प्रति व्यक्ति, डीलक्स पैकेज 21,999 रुपये प्रति व्यक्ति और प्रीमियम पैकेज 31,999 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। ये दरें ट्विन शेयरिंग के आधार पर हैं और जीएसटी अतिरिक्त होगा।

सूरत में झोलाछाप डॉक्टरों का जाल आखिर कब टूटेगा Read More सूरत में झोलाछाप डॉक्टरों का जाल आखिर कब टूटेगा

पैकेज में तीन रातों का आवास, दैनिक नाश्ता, एसी ट्रांसपोर्टेशन, देव दीपावली स्पेशल बोट राइड, मॉर्निंग गंगा बोट राइड, गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण एवं टूर एस्कॉर्ट/प्रतिनिधि की सुविधा शामिल है। यूपीएसटीडीसी का यह विशेष पैकेज पर्यटकों को काशी दर्शन के साथ देव दीपावली की आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कराएगा। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट नचेजकबण्बवण्पद अथवा 8303019844 पर संपर्क कर बुकिंग करा सकते हैं।
देव दीपावली’ काशी की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का दिव्य उत्सव है। इसकी वैश्विक भव्यता दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करती है। सरकार का प्रयास है कि पर्यटक काशी में दीपों से जगमगाते घाटों के दर्शन के साथ अलौकिक उत्सव की आध्यात्मिक अनुभूति को भी आत्मसात करें। देव दीपावली के अवसर पर यूपीएसटीडीसी द्वारा तैयार विशेष पैकेज आगंतुकों को समग्र अनुभव प्रदान करेंगे। यह पहल काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाएगी।

ट्रम्प की जंगी सियासत पर घमासान Read More ट्रम्प की जंगी सियासत पर घमासान

देव दीपावली-2026 के लिए तैयार विशेष पर्यटन पैकेज का उद्देश्य देश-विदेश के आगंतुकों को काशी की आध्यात्मिक आभा, सांस्कृतिक समृद्धि और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ते हुए उत्कृष्ट यात्रा सुविधाएं प्रदान करना है। यह पहल धार्मिक पर्यटन को नई गति देने, स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने तथा प्रदेश की गौरवशाली धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
----------------------------------------
-केवल, से0नि0 सूचना अधिकारी

2027 यूपी विधानसभा चुनाव  Read More 2027 यूपी विधानसभा चुनाव 

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें