नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
दीपोत्सव में स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत इंतजाम, 12 स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
राम की पैड़ी से कनक भवन तक मिलेगी आपात चिकित्सा सुविधा, 12 निजी अस्पतालों में 60 बेड आरक्षित; स्वास्थ्य कंट्रोल रूम का नंबर जारी
अयोध्या। दीपोत्सव-2026 में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा प्रबंध किए हैं। आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं। इसके अलावा मोबाइल चिकित्सा दलों की व्यवस्था और 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मेला कंट्रोल रूम सहित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
12 प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस की तैनाती
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, नागेश्वरनाथ, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), कारसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमान गुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा), कनक भवन मंदिर परिसर और कंट्रोल रूम सहित 12 स्थानों पर एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। इनकी मदद से जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर प्राथमिक चिकित्सा देने के साथ ही अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
12 निजी अस्पतालों में 60 बेड आरक्षित
Read More उज्ज्वला लाभार्थियों को दिवाली का उपहार देंगे सीएम योगी, खातों में भेजेंगे 1500 करोड़ की सब्सिडीआपात स्थिति में मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए अयोध्या के 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के तहत अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षण हृदय संस्थान, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल मेडिकल सर्जिकल मैटरनिटी नर्सिंग होम, निर्मला हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल और संजाफी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में आकस्मिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। इन अस्पतालों को जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राम की पैड़ी सहित प्रमुख स्थलों पर मोबाइल चिकित्सा दल
मेला क्षेत्र में मोबाइल चिकित्सा टीमें भी सक्रिय रहेंगी। राम की पैड़ी सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर तैनात ये दल श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगे। टीमों की ड्यूटी अलग-अलग समय के अनुसार निर्धारित की गई है, ताकि दिन और रात दोनों समय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहें। गंभीर स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए भी समन्वय की व्यवस्था की गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालु और पर्यटक मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के नंबर 8881004894 पर संपर्क कर सकते हैं। मेला अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राममणि शुक्ला के मोबाइल नंबर 9451085935 पर भी सहायता ली जा सकती है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। चिकित्सा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस, मोबाइल चिकित्सा दलों और अस्पतालों में आरक्षित बेड के जरिए आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।


Comments