तीन दिवसीय श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का हुआ समापन, 535 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।
अम्बेडकरनगर।
शासन के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी के आदेश पर श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर के अनुपालन में जनपद के श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक लेबर अड्डा, शहजादपुर, अकबरपुर, अम्बेडकरनगर में आयोजित तीन दिवसीय “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया।
शिविर के माध्यम से श्रमिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। तीन दिवसीय शिविर के दौरान कुल 535 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर के अंतिम दिवस दिनांक 08.10.2026 को सहायक श्रमायुक्त, अम्बेडकरनगर के निर्देशन में शिविर का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। अंतिम दिवस पर चिकित्सकीय दल द्वारा कुल 158 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में श्रमिकों के साथ-साथ राहगीरों एवं उद्यमियों को भी निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में बलरामपुर चीनी मिल्स लि., यूनिट अकबरपुर के चिकित्सक डॉ. दूधनाथ वर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, अकबरपुर से डॉ. शिवांगी सिंह, अम्बेश कुमार, फार्मासिस्ट, विकास वर्मा, एल.टी. एवं श्री आदित्य यादव, इंटर्न फार्मासिस्ट द्वारा चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त मुकेश कुमार, आयुष्मान मित्र भी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हितकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (बी.ओ.सी.डब्ल्यू.) में श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण, ई-श्रम से संबंधित पेंशन योजनाओं तथा अन्य विभागीय योजनाओं के संबंध में उपस्थित श्रमिकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। पात्र श्रमिकों का मौके पर पंजीयन एवं नवीनीकरण भी कराया गया। इसके साथ ही श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से रोजगार के अवसरों, विभागीय सुविधाओं एवं श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “उ.प्र. डिजिटल लेबर चौक” ऐप उनके मोबाइल फोन में इंस्टॉल कराया गया। श्रमिकों को ऐप के उपयोग एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
शिविर में श्रम विभाग से सन्त पाल सहायक श्रमायुक्त अम्बेडकरनगर, अरविन्द कुमार सोनकर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर राजाबाबू गौड़ एवं सुजीत कुमार तथा अनुसेवक अश्वनी कुमार श्रीवास्तव सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बलरामपुर चीनी मिल्स लि., यूनिट अकबरपुर स विपिन कुमार, उद्योग विभाग से पवन कुमार वर्मा कम्प्यूटर ऑपरेटर, तथा मनीष एवं रंजन, ग्राम विकास सेवा संस्थान, अम्बेडकरनगर (एन.जी.ओ.) सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के समापन के अवसर पर सहायक श्रमायुक्त, अम्बेडकरनगर सन्त पाल ने कहा कि श्रमिक वर्ग के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए श्रम विभाग द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के समस्त श्रमिक बन्धुओं से अपील की कि विभाग द्वारा आगामी दिनों में अन्य लेबर अड्डों पर आयोजित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने, उनके स्वास्थ्य एवं हितों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा रोजगार एवं विभागीय सुविधाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के लिए श्रम विभाग पूर्ण प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य कर रहा है।


Comments