नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
वायरल ऑडियो से हलिया ब्लॉक में मचा हड़कंप, एडीओ पंचायत पर अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने का आरोप
ब्राह्मण समाज में आक्रोश, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी
मीरजापुर।
मीरजापुर। हलिया विकासखंड में तैनात एडीओ पंचायत रूपेश कुमार श्रीवास्तव का कथित अमर्यादित भाषा में बातचीत करने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वायरल ऑडियो को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि एडीओ पंचायत ने पंचायत सहायक अंकित मिश्रा से रात के समय प्रयागराज पैदल आने की बात कही। ऑडियो सामने आने के बाद सरकारी विभागों में कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ब्राह्मण समाज के लोगों का आरोप है कि किसी भी सरकारी अधिकारी को अपने पद और अधिकारों का रौब दिखाकर किसी कर्मचारी के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है। यदि किसी कर्मचारी के साथ जातिगत आधार पर भेदभाव अथवा अपमानजनक व्यवहार किया गया है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले को लेकर ब्राह्मण कर्मचारियों को चुनकर शौचालयों और नालियों की सफाई कराने के आरोप भी सामने आए हैं। इन आरोपों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। समाज के लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ जाति के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि एडीओ पंचायत रूपेश कुमार श्रीवास्तव करीब चार वर्षों से हलिया विकासखंड में तैनात हैं। ऐसे में उनके लंबे समय से एक ही ब्लॉक में बने रहने को लेकर भी चर्चा हो रही है।
ब्राह्मण समाज ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने और सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन वायरल ऑडियो का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या सरकारी विभागों में कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी, या फिर यह मामला महज चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएगा?


Comments