नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
दिव्य दीपावली मेले में दिखा दिव्यांगजनों का हुनर, स्वावलंबन को मिला मंच
लखनऊ में 25 विभागीय व स्वैच्छिक संस्थाओं ने लगाए स्टॉल, हस्तशिल्प, दीये और पूजन सामग्री बने आकर्षण का केंद्र
लखनऊ। दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके स्वनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को राजधानी में ‘दिव्य दीपावली मेला-2026’ का आयोजन किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय मेले का उद्घाटन विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। मेले में नौ विभागीय और 16 स्वैच्छिक संस्थाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई।

मेले में दिव्यांग कारीगरों और उद्यमियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री, पारंपरिक दीये, मोमबत्तियां, दीपावली पूजन सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इन उत्पादों के माध्यम से दिव्यांगजनों ने अपनी कला, कौशल और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया।

प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता, बनावट और उपयोगिता की सराहना की। उन्होंने उत्पाद तैयार करने वाले दिव्यांगजनों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही आम लोगों से अपील की कि वे त्योहारों पर दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, ताकि उनके हुनर और मेहनत को आर्थिक संबल मिल सके।
Read More आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की दिवाली होगी रोशन, मानदेय बढ़ाकर योगी सरकार ने दिया तोहफादया नहीं, समान अवसर और सम्मान के हकदार हैं दिव्यांगजन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने में सक्षम हैं। जरूरत उन्हें समान अवसर, उपयुक्त मंच और उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की है। ऐसे आयोजन उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के रास्ते खोलते हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को दया की नहीं, बल्कि सम्मान, समान भागीदारी और अवसरों की आवश्यकता है। शासन की प्राथमिकता है कि उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिले।
.jpeg)
इस अवसर पर विभाग के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Comments