फीचर्ड
राजनीति
भारत
रबी सीजन में खाद-बीज की किल्लत बर्दाश्त नहीं, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दिए निर्देश, वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा
लखनऊ। रबी सीजन में किसानों को खाद और गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद-बीज की आपूर्ति और वितरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कृषि मंत्री गुरुवार को कृषि भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभागीय बजट और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

कृषि मंत्री ने क्षेत्रीय अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और खाद-बीज वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों के हितों की अनदेखी और आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
10 हजार करोड़ से अधिक का बजट प्रावधान
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की 29 अक्टूबर तक की वित्तीय एवं योजनागत प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया गया। विभाग के कुल 10,017.45 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान के सापेक्ष 5,755.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इसमें से 3,641.22 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
वहीं, विभागीय योजनाओं के लिए निर्धारित 8,386.94 करोड़ रुपये के बजट में से 4,125.02 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। इसके सापेक्ष 3,087.81 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह स्वीकृत धनराशि का 74.86 प्रतिशत है।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि एमकेएस सुंदरम, कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी और बीज प्रमाणीकरण निदेशक कनीज फातिमा समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि विभाग के सभी मंडलों और जिलों के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


Comments