नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गंगा उत्सव-2026 के तहत मैराथन दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
मैराथन में स्कूली बच्चों और युवाओं ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। गंगा उत्सव-2026 के अंतर्गत बुधवार को जिला गंगा समिति के तत्वावधान में जनपद में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर बड़ौली चौराहा रॉबर्ट्सगंज से टियारा स्टेडियम तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इसमें स्कूली बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति महेंद्र गौतम ने मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं टियारा स्टेडियम में भारोत्तोलन, तीरंदाजी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विजेता एवं प्रतिभागियों को उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी तथा उप क्षेत्रीय वनाधिकारी चुर्क, पटना एवं रॉबर्ट्सगंज ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप प्रभागीय वनाधिकारी शत्रुघ्न त्रिपाठी, अंतरराष्ट्रीय एथलीट राम बाबू एवं मास्टर एथलीट संजय सिंह उपस्थित रहे। सभी खेल गतिविधियां जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद के नेतृत्व में संपन्न हुईं। इस दौरान वन प्रभाग के विभिन्न रेंज अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने के साथ ही नदियों और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया गया।


Comments