आईटीआई अलीगंज के रोजगार मेले में 255 युवाओं का चयन

टाटा मोटर्स और डिक्सन टेक्नोलॉजी सहित कई कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, चयनित अभ्यर्थियों को 10 से 25 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन व स्टाइपेंड

हर्षिता यादव  Picture
Published On

लखनऊ। मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत शनिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में आयोजित अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेले में 255 युवाओं को रोजगार का अवसर मिला। मेले में टाटा मोटर्स, डिक्सन टेक्नोलॉजी, कॉर्पस डाटा, जेमपैक पैकर्स और निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों ने साक्षात्कार और तकनीकी परीक्षण के बाद अभ्यर्थियों का चयन किया।

संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि मेले का उद्देश्य तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक युवाओं को अवसर देने का आग्रह किया। साथ ही चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए समय पर कार्यभार ग्रहण करने और जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा दी।

आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खान के अनुसार, रोजगार मेले में कुल 550 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर प्रतिभाग किया। दस्तावेजों की जांच और प्रारंभिक छंटनी के बाद 405 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए योग्य पाया गया। तकनीकी परीक्षण और साक्षात्कार के बाद इनमें से 255 युवाओं का अंतिम चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन या स्टाइपेंड दिया जाएगा।

मेले के सफल आयोजन में संस्थान के अनुदेशक मकबूल कादिर, जेड रहमान और ग्रे सिम लर्निंग्स फाउंडेशन के कर्मचारियों का योगदान रहा। चयन की सूचना मिलने पर युवाओं में खुशी देखी गई। अभ्यर्थियों ने रोजगार के ऐसे अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।

अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए 3 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन Read More अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए 3 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें