नवीनतम
फीचर्ड
भारत
विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर एडीजी वाराणसी जोन ने कसी पुलिस की कमर
नौ जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, पुलिस बल से लेकर हथियारों और दंगा नियंत्रण उपकरणों तक का लिया जायजा
ब्यूरो रिपोर्ट
वाराणसी। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जोन के सभी नौ जनपदों की चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एडीजी ने पुलिस बल की उपलब्धता और जनशक्ति का आकलन करते हुए नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई, लिपिकीय संवर्ग और चालक सहित प्रत्येक कर्मी की स्थिति की समीक्षा करने को कहा। शारीरिक रूप से कमजोर अथवा अक्षम पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकल मैपिंग का कार्य पूरी गंभीरता से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
एडीजी ने पुलिस लाइनों और थानों में उपलब्ध एंटी रॉयट उपकरणों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। एंटी रॉयट गन, टियर गैस गन, रबर बुलेट, पंप एक्शन गन, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, शिन गार्ड, नी-गार्ड और अन्य सुरक्षा उपकरणों को कार्यशील, मरम्मत योग्य तथा निष्प्रयोज्य श्रेणियों में बांटकर उनकी सूची तैयार करने और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया। पुलिस के शस्त्रागार में उपलब्ध एके-47, एसएलआर, इंसास, स्टेन गन, कारबाइन, पिस्टल और रिवाल्वर का जीपी लिस्ट से मिलान कर उनकी चेकिंग, ऑयलिंग और आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में 'राइट मैन फॉर राइट प्लेस' की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्र की भौगोलिक एवं सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता का आकलन करें, ताकि योग्य और अनुभवी कर्मियों की तैनाती उपयुक्त स्थानों पर की जा सके। चुनाव में तैनात होने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन, रूट चार्ट और एरिया डॉमिनेशन की अग्रिम तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा गया। वहीं, थाना क्षेत्रों के सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी), स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी), वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) और वीडियो व्यू टीम (वीवीटी) सहित इंटरसेप्टर बैरियर, अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय बैरियर और क्लस्टर मोबाइल की तैयारियां दुरुस्त रखने को कहा गया। इसके अलावा नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण और निरोधात्मक कार्रवाई के तहत वांछित एवं अन्य अपराधियों का सत्यापन कर उनकी सूची तैयार करने तथा 'यक्ष' ऐप को पूरी तरह अपडेट करने पर भी जोर दिया गया। एडीजी नवीन अरोरा ने स्पष्ट कहा कि विधानसभा चुनाव एक लंबी और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक चुनाव का अनुभव अलग होता है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, तत्परता और परिश्रम के साथ तैयारियों में जुट जाएं। किसी भी स्तर पर तैयारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी कराई जाएं, जिससे चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
समीक्षा बैठक में जोन के सभी परिक्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, नोडल चुनाव अधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, प्रभारी अभिसूचना इकाई और अग्निशमन अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।


Comments