नवीनतम
राजनीति
भारत
भाषा विश्वविद्यालय के डॉ. कमलेश सोनी को HABIT साइंटिस्ट अवॉर्ड, छात्राओं ने हासिल किया चौथा स्थान
प्रयागराज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन HABIT-2026 में शिक्षक और छात्राओं ने बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान, कुलपति ने दी बधाई
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी), प्रयागराज में आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘HABIT-2026’ में विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग को दोहरी सफलता मिली।
सम्मेलन में विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के सहायक आचार्य डॉ. कमलेश कुमार सोनी को पादप आणविक जीवविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, नवाचार और उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘HABIT साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके शोध कार्यों और वैज्ञानिक उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं, जैव प्रौद्योगिकी विभाग की बीएससी (बायोटेक्नोलॉजी) की छात्राओं हेबा मेहदी और फातिमा ओबैद ने भी सम्मेलन में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं ने अपने शोध एवं समीक्षा आधारित पोस्टर प्रस्तुत किए और प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया।
शिक्षक और छात्राओं की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने डॉ. कमलेश कुमार सोनी सहित दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का उत्कृष्ट शोध और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियां विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता तथा शोध संस्कृति को मजबूत पहचान दिलाती हैं।


Comments