नवीनतम
फीचर्ड
भारत
सोनभद्र में 22 नवंबर को होगी सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज
पुलिस लाइन चुर्क में शाम 6 बजे आयोजित होगा अभ्यास, हवाई हमले की चेतावनी से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की होगी मॉक ड्रिल
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। जनपद में आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 22 नवंबर, 2026 को सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पुलिस लाइन चुर्क को कार्यक्रम स्थल निर्धारित किया गया है। मॉक एक्सरसाइज शाम 6 बजे शुरू होगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं नागरिक सुरक्षा, गृह मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह अभ्यास आयोजित किया जा रहा है। इसमें नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित होमगार्ड्स तथा इच्छुक स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा।
आगे उन्होंने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार की गई है। अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को जमीन पर लेटकर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा।
हवाई हमले की स्थिति समाप्त होने पर दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभ्यास किया जाएगा। वहीं, बड़ी आग पर नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर का उपयोग करेगी।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने, गंभीर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तथा ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का भी अभ्यास किया जाएगा। सभी निर्धारित गतिविधियां पूरी होने के बाद मॉक एक्सरसाइज के समापन की घोषणा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभ्यास के लिए अग्निशमन उपकरणों में वाटर टाइप, फोम टाइप, कार्बन डाईऑक्साइड एवं ड्राई केमिकल पाउडर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर, तिकोनी पट्टी एवं रोलर बैंडेज उपलब्ध रहेंगे। हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन तथा आग बुझाने के प्रदर्शन के लिए आवश्यक सामग्री एवं संरचना भी तैयार की जाएगी।
आगे उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी संबंधित विभागों के नामित अधिकारी अपनी टीम एवं निर्धारित उपकरणों के साथ आयोजन स्थल पर एक घंटा पूर्व उपस्थित रहेंगे, ताकि मॉक एक्सरसाइज का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में 19 नवंबर, 2026 को अपराह्न 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी नामित एवं संबंधित अधिकारियों को अपनी-अपनी विभागीय कार्ययोजना के साथ समय से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में तैयारियों की समीक्षा कर 22 नवंबर को प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन एवं संचालन की रूपरेखा सुनिश्चित की जाएगी।


Comments