नवीनतम
फीचर्ड
भारत
प्लॉट के नाम पर 40 लाख रुपये हड़पने का आरोप, शिव सिटी प्रोजेक्ट के 10 लोगों पर मुकदमा
जमीन की रजिस्ट्री और कब्जा नहीं मिलने पर पीड़ित ने खटखटाया न्यायालय का दरवाजा, BBD यूनिवर्सिटी के पास मारपीट और धमकी देने का भी आरोप
लखनऊ। राजधानी के बीबीडी थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिव सिटी प्रोजेक्ट में 10 हजार वर्गफुट प्लॉट दिलाने का भरोसा देकर रकम लेने और बाद में न रजिस्ट्री कराने तथा न ही कब्जा देने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है।
गोमतीनगर निवासी व्यवसायी राज यादव पुत्र दयाशंकर के अनुसार, वर्ष 2016 में राजा और सुधीर के माध्यम से उनकी मुलाकात आनंद प्रताप सिंह उर्फ एपी सिंह और प्रदीप सिंह से हुई थी। आरोप है कि दोनों ने स्वयं को ओम इन्फ्राहाइट्स प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक बताते हुए ग्राम धावां स्थित खसरा संख्या 455 की जमीन पर शिव सिटी परियोजना विकसित करने और प्लॉट उपलब्ध कराने की बात कही थी। इस दौरान जमीन से संबंधित दस्तावेज और एग्रीमेंट भी दिखाए गए थे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि भरोसे में आकर उन्होंने परियोजना में 10 हजार वर्गफुट प्लॉट लेने के लिए सहमति दी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कुल 40 लाख रुपये नकद और बैंक खातों के माध्यम से दिए गए। आरोप है कि लंबा समय बीत जाने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही उन्हें कब्जा दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, बाद में संबंधित जमीन विवाद में फंसने की बात कहकर दूसरी जगह जमीन देने अथवा रकम का समायोजन करने का आश्वासन दिया जाता रहा। उन्हें रायबरेली रोड से बाराबंकी तक अलग-अलग स्थानों पर जमीन भी दिखाई गई, लेकिन न तो वैकल्पिक जमीन मिली और न ही उनकी रकम वापस की गई।
राजस्व अभिलेखों में विसंगतियां मिलने का दावा
पीड़ित ने अपने स्तर से जमीन के राजस्व अभिलेखों की जांच कराई तो खतौनी और अन्य दस्तावेजों में गंभीर विसंगतियां मिलने का दावा किया। शिकायत में संबंधित भूमि के अभिलेखों में बंजर भूमि का उल्लेख होने की बात भी कही गई है। उन्होंने जमीन के वास्तविक स्वामित्व, एग्रीमेंट और कंपनी को दिए गए मार्केटिंग अधिकारों की जांच कराने की मांग की है।
BBD यूनिवर्सिटी के पास मारपीट का आरोप
शिकायत में 12 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन से चार बजे फैजाबाद रोड स्थित BBD यूनिवर्सिटी के पास मारपीट और धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित का आरोप है कि उनसे दोबारा रकम मांगने पर आनंद प्रताप सिंह कथित तौर पर दो-तीन अन्य व्यक्तियों के साथ कार से पहुंचे और उनके साथ मारपीट कर जान-माल की धमकी दी।
इन दस लोगों के नाम FIR में दर्ज
थाना बीबीडी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0374/2026 में आनंद प्रताप सिंह उर्फ एपी सिंह, प्रदीप सिंह, विमल श्रीवास्तव, राजा, सुधीर, समीर, इरशाद, राज, जगतपाल और विजय अवस्थी को नामजद किया गया है। इसके अलावा दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों का भी उल्लेख है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आकाश कुमार को सौंपी गई है।
पीड़ित ने पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जमीन के दस्तावेजों, बैंक खातों में हुए लेन-देन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में आरोपों की विवेचना की जानी है और नामजद व्यक्तियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
swatantra prabhat lucknow news UP News uttar pradesh news uttar pradesh crime news lucknow crime news lucknow breaking News FIR registered Lucknow Latest News police investigation Land Dispute Property Dispute Land Scam Property Fraud Real Estate Scam Gomti Nagar News Real Estate Fraud Land Fraud Case BBD Police Station 40 Lakh Fraud Shiv City Project BBD University Faizabad Road News Fraud Case Lucknow Land Registration Fraud


Comments