शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का फूटा आक्रोश, लाठी-डंडे लेकर पहुंचीं ग्रामीण महिलाएं
बस्ती के पास से शराब की दुकान हटाने की मांग, पुलिस के समझाने के बाद भी धरने पर डटी रहीं महिलाएं
मीरजापुर।
मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत सेमरी गांव में बुधवार की शाम छह बजे सरकारी शराब ठेके से महज सौ मीटर दूर सीवान में शव बरामद होने के बाद ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे आसपास के गांवों की महिलाएं लामबंद होकर हाथों में लाठी-डंडे लेकर शराब ठेके पर पहुंच गईं और दुकान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए शराब ठेके पर तैनात कर्मचारी दुकान के अंदर घुस गए और खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए। गौरतलब है कि सेमरी गांव में एक बालक के अपहरण और फिरौती के बाद हत्या की घटना को लेकर पुलिस पहले से ही क्षेत्र में कैंप कर रही है। इसके बावजूद आक्रोशित महिलाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे शराब की दुकान हटाने की मांग पर अड़ी रहीं।
Read More मृत छात्र प्रिंस के परिजनों से मिलने सेमरी गांव पहुंचीं पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल, बंधाया ढांढस
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि शराब की वजह से परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। परिवार के कमाऊ सदस्य शराब ठेके पर अपनी कमाई गंवाकर घर लौटते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर बस्ती के पास शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने महिलाओं को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अडिग रहीं। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस महिलाओं को समझाकर वहां से हटाने का प्रयास कर रही है।


Comments