ग्राम चौपाल में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और विधायक भूपेश चौबे ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश

किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, शौचालय और पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

राजेश तिवारी Picture
Published On

चुर्क पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर दिया जोर

ब्यूरो रिपोर्ट

चुर्क (सोनभद्र)। ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पंचायत भवन चुर्क परिसर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में सदर विधायक भूपेश चौबे भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

चौपाल में किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, शौचालय निर्माण और पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से उठीं। किसान सम्मान निधि के मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिया कि पात्र किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गांव में विशेष कैंप लगाए जाएं और एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। वहीं, वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम सभा में ऐसे परिवारों की सूची तैयार कराई जाए, जिनके घरों में अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है। पात्र परिवारों को नियमानुसार शौचालय योजना का लाभ दिलाने के लिए जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजना से वंचित न रहे।

जन सेवा को समर्पित उपकार फाउंडेशन के वार्षिकोत्सव में दिखा संस्था की लोकप्रियता का जलवा Read More जन सेवा को समर्पित उपकार फाउंडेशन के वार्षिकोत्सव में दिखा संस्था की लोकप्रियता का जलवा

हर घर नल से जल योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने चुर्क ग्राम सभा में पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया जाएगा कि कितने घरों में नियमित रूप से पानी पहुंच रहा है और किन परिवारों को अनियमित या बाधित आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा है।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं: जिलाधिकारी Read More 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं: जिलाधिकारी

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी जमीनी स्तर पर स्थिति का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रकृति, संस्कृति और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से विकसित भारत की नई परिकल्पना प्रस्तुत करती पुस्तक Read More प्रकृति, संस्कृति और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से विकसित भारत की नई परिकल्पना प्रस्तुत करती पुस्तक

इस दौरान प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और सदर विधायक भूपेश चौबे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। इसलिए प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें