शिवपाल-आजम की मुलाकात पर ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज
बोले- चाचा ने जेल में लंबी डीलिंग की, अखिलेश को परिवार और पार्टी दोनों संभालने की जरूरत
लखनऊ। कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव और आजम खान की डासना जेल में हुई मुलाकात को लेकर तंज कसा। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए उन्होंने इस मुलाकात को लेकर कई सवाल उठाए और कथित राजनीतिक डीलिंग की आशंका जताई।
राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा, 'जो सोवत है सो खोवत है, जो जागत है सो पावत है।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश के सोते रहने के दौरान उनके चाचा शिवपाल यादव सुबह-सुबह डासना जेल पहुंचकर रामपुर वाले चचाजान से लंबी डीलिंग करके लौट आए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शिवपाल इस मुलाकात की जानकारी अखिलेश को देकर गए थे या बिना बताए पहुंचे थे।
अखिलेश को दी परिवार और पार्टी संभालने की नसीहत
राजभर ने आगे सवाल किया कि शिवपाल यादव और आजम खान के बीच आखिर क्या बातचीत हुई और कहीं अखिलेश के साथ बनारस जैसा राजनीतिक घटनाक्रम तो नहीं होने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शिवपाल के करीबी लोगों ने भी राजनीतिक स्तर पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
अखिलेश पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि शिवपाल समझ चुके हैं कि 'बच्चा राजनीति के लायक नहीं है' और अब उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए कड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। उन्होंने अखिलेश को परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं पर ध्यान देने की सलाह देते हुए उनके पिता मुलायम सिंह यादव द्वारा बनाई गई पार्टी की तुलना टाइटेनिक जहाज से की और कहा कि यह जल्द डूब सकता है।


Comments