नवीनतम
फीचर्ड
भारत
अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराने की मांग को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र का समर्थन
प्रदेशव्यापी पदयात्रा पर निकले अधिवक्ता राहुल चौधरी को सौंपा समर्थन पत्र, अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाई आवाज
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र, 19 नवंबर। अधिवक्ताओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी पदयात्रा कर रहे अधिवक्ता राहुल चौधरी को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र ने अपना समर्थन दिया है। एसोसिएशन की ओर से उन्हें समर्थन पत्र सौंपकर इस अभियान के प्रति एकजुटता जाहिर की गई।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। समाज में न्याय एवं नागरिकों के विधिक अधिकारों की रक्षा में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। अधिवक्ताओं पर होने वाले हमलों, धमकियों और उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाना समय की मांग है।
एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू होने से अधिवक्ता बिना किसी भय और दबाव के अपने विधिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए इस कानून को जल्द लागू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता राहुल चौधरी के प्रदेशव्यापी अभियान को समर्थन देते हुए प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम शीघ्र लागू करने की मांग की।कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया।
इस अवसर पर प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, राजेश कुमार यादव, प्रदीप कुमार मौर्य, मृगराज सिंह, बीपी सिंह, सुरेंद्र चौरसिया, दशरथ यादव, सुरेश सिंह कुशवाहा, संतोष यादव, चतुर्भुज शर्मा, आदर्श देव पांडेय, नवीन पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


Comments