नवीनतम
फीचर्ड
भारत
स्वभाव के अनुसार कर्म करने से मिलती है परमसिद्धि : यथार्थ गीता
हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसयां में गीता भाष्य पर हुई परिचर्चा, वक्ताओं ने कर्मयोग के महत्व पर डाला प्रकाश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। केकराही क्षेत्र स्थित हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसयां में गुरुवार को परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा रचित गीता भाष्य ‘यथार्थ गीता’ पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने श्रीमद्भगवद्गीता के विभिन्न श्लोकों का उद्धरण देते हुए स्वभाव के अनुरूप कर्म करने और एक परमात्मा की उपासना के महत्व पर प्रकाश डाला।
परिचर्चा में कहा गया कि मनुष्य अपने स्वभाव में निहित योग्यता के अनुसार शास्त्रविहित कर्म में संलग्न रहकर भगवत्प्राप्ति रूपी परमसिद्धि प्राप्त कर सकता है। जिस परमात्मा से समस्त जीव-जगत की उत्पत्ति हुई है और जिससे संपूर्ण संसार व्याप्त है, उस परमेश्वर का अपने स्वभाव से उत्पन्न कर्मों के माध्यम से अर्चन-पूजन करने वाला मनुष्य परमसिद्धि को प्राप्त होता है। इसके बाद उसके लिए कुछ भी पाना शेष नहीं रहता।
गीता जयंती समारोह समिति सोनभद्र के सदस्य एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र ने कहा कि पूजा एक परमात्मा की ही करनी चाहिए। उन्होंने गीता के श्लोक ‘श्रेयान्स्वधर्मो विगुणः परधर्मात्स्वनुष्ठितात्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरे के धर्म का अच्छी तरह पालन करने से बेहतर है कि मनुष्य अपने स्वभाव से निर्धारित कर्म को अपनाए, भले ही उसमें कुछ कमियां हों। स्वधर्म का पालन ही परम कल्याणकारी है।
इसी क्रम में राजेंद्र पांडेय ने कहा कि स्वभाव से उत्पन्न सहज कर्म का त्याग नहीं करना चाहिए। साधना का आरंभ अल्पज्ञ श्रेणी से होता है और निरंतर अभ्यास एवं उन्नति के माध्यम से साधक एक परमात्मा की ओर अग्रसर होता है।
अंत में अरुणपति तिवारी ने कहा कि गीता समाज और मनुष्यों के बीच किसी प्रकार का बंटवारा नहीं करती, बल्कि मानव जीवन को आध्यात्मिक उन्नति और परमात्मा की प्राप्ति का मार्ग दिखाती है।
इस अवसर पर ऋषिकेश लाल, सुरेश यादव, चंद्रकांत मिश्र, संतोष कुमार, सतीश कुमार, कमलेश मौर्य, प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Comments