नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
पुलिस ध्वज दिवस पर सोनभद्र में शान से फहराया गया पुलिस का गौरवशाली ध्वज
एसपी अभिषेक वर्मा ने ध्वजारोहण कर दी सलामी, पुलिसकर्मियों को लगाया पुलिस कलर; शहीद जवानों के शौर्य और बलिदान को किया नमन
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर को पुलिस लाइन चुर्क सहित जनपद के समस्त थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधिवत पुलिस ध्वज फहराया और सलामी दी।
इस अवसर पर एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस ध्वज विभाग के गौरवशाली अतीत, अदम्य साहस, बलिदान और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। यह सभी पुलिसकर्मियों में गर्व, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कलर (प्रतीकात्मक बैज) लगाकर सम्मानित किया। साथ ही कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके त्याग और शौर्य को पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा का आधार बताया।

समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रेषित संदेश को भी पढ़कर सुनाया गया। इसमें बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्कृष्ट कार्य एवं अद्वितीय प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना था।

इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी तथा डीजीपी का संदेश पुलिसकर्मियों को सुनाया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात/सदर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम सहित तमाम पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments