नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
हलिया में कथित झोलाछाप चिकित्सकों का बढ़ता जाल, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
अहुगी इंटर कॉलेज के पास बिना मान्यता के क्लीनिक संचालन का आरोप, सामान्य से गंभीर बीमारियों के इलाज का किया जा रहा दावा
मीरजापुर।
मीरजापुर। हलिया विकासखंड में कथित झोलाछाप चिकित्सकों का जाल तेजी से फैलने का आरोप लग रहा है। क्षेत्र में बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि अहुगी इंटर कॉलेज के पास एक व्यक्ति खुलेआम क्लीनिक संचालित कर मरीजों का उपचार कर रहा है, जबकि उसके पास मान्यता प्राप्त चिकित्सा योग्यता नहीं है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईस्कूल उत्तीर्ण व्यक्ति द्वारा अस्पतालनुमा क्लीनिक चलाकर मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि यहां कॉम्बिफ्लेम, नॉरफ्लॉक्स-टीजेड, पैरासिटामोल, बिकासुल और एसिलॉक जैसी दवाओं के सहारे विभिन्न बीमारियों का उपचार किए जाने का दावा किया जाता है। सामान्य बीमारियों से लेकर गंभीर रोगों तक का इलाज किए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बिना योग्य चिकित्सक के उपचार किए जाने से मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। स्थानीय स्तर पर मरीजों की मौत से जुड़े गंभीर दावे भी किए जा रहे हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
गौरतलब है कि विगत दिनों मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित क्षेत्र में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
अब सवाल यह उठता है कि स्वास्थ्य विभाग ऐसे कथित अवैध क्लीनिकों की जांच कब करेगा? क्या विभाग शिकायतों का संज्ञान लेकर संबंधित संचालक की शैक्षिक योग्यता, क्लीनिक के पंजीकरण और उपचार संबंधी गतिविधियों की जांच करेगा, या फिर किसी बड़ी घटना के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद खुलेगी? क्षेत्रीय लोगों ने सीएमओ से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


Comments