फीचर्ड
भारत
भाखरी एचएससी में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग
निःशुल्क एक्स-रे, ब्लड शुगर, बीपी और हीमोग्लोबिन की जांच कर ग्रामीणों को दिया गया स्वास्थ्य परामर्श
धनरूआ (पटना), धनरूआ प्रखंड के भाखरी स्वास्थ्य उपकेंद्र (एचएससी) में शुक्रवार को विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन (डब्ल्यूजेसीएफ) के माध्यम से एवं बिहार सरकार के सौजन्य से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ टीबी (क्षय रोग) की स्क्रीनिंग की गई।
शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क छाती का एक्स-रे, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा टीबी के संभावित मरीजों की पहचान के लिए स्क्रीनिंग की गई तथा जरूरतमंद लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
शिविर के सफल संचालन में पर्यवेक्षक रिजवान अहमद, रेडियोग्राफी कर्मी मुकुल कुमार और समुदाय समन्वयक नीरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सीएचओ ने भी सक्रिय सहयोग किया।
शिविर के आयोजन से भाखरी सहित आसपास के गांवों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान कराने और समय पर उपचार के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।


Comments