यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा 26 व 27 फरवरी को, 24 नवंबर से आवेदन
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए आयोग ने घोषित किया कार्यक्रम; आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से यह परीक्षा आगामी 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए विज्ञापन 24 नवंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगा। इसी दिन से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
परीक्षा प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के लिए आयोजित की जाएगी। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार ओटीआर व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन से पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन और निर्देश-पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक https://uptet.upessc.org/otr/info के माध्यम से देख सकते हैं। निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और ओटीआर पंजीकरण 24 नवंबर से शुरू होंगे। अभ्यर्थी 23 दिसंबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 27 दिसंबर 2026 तक संशोधन का अवसर दिया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।


Comments