नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
डीएम-एसपी की मौजूदगी में पुलिस लाइन चुर्क में एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026, परखी गई प्रशासन की आपातकालीन तैयारियां
सायरन बजते ही मचा अलर्ट, ब्लैकआउट से लेकर मलबे में दबे लोगों के रेस्क्यू तक का हुआ अभ्यास
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र, 22 नवंबर। शासन के निर्देश पर रविवार को पुलिस लाइन चुर्क में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में सिविल डिफेन्स एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में जनसुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को परखा गया।

मॉक एक्सरसाइज में हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाने, ब्लैकआउट की स्थिति बनाने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तथा ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि किसी भी आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थिति में जनहानि को न्यूनतम करने के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। आपात स्थिति के शुरुआती क्षण अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान लिया गया सही और त्वरित निर्णय कई लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि मॉक एक्सरसाइज महज औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का महत्वपूर्ण माध्यम है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक विभाग और अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित एवं जवाबदेह होनी चाहिए। पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और एम्बुलेंस सेवाओं को एक टीम के रूप में कार्य करना होगा। सूचना का त्वरित आदान-प्रदान, घटनास्थल पर समय से पहुंचना, घायलों को प्राथमिक उपचार देना और जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का आकलन कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों और आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित होमगार्ड जवानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। कहा कि इन्हें प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन, सुरक्षित निकासी और राहत-बचाव कार्यों का नियमित अभ्यास कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता दी जा सके।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और सतर्कता बनाए रखें। सायरन अथवा अन्य माध्यम से चेतावनी मिलने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने के बजाय सुरक्षित स्थान पर शरण लें। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने से बचें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए जनसहभागिता और जनजागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है जितनी प्रशासनिक तैयारी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में पुलिस बल की तत्परता, प्रभावी सूचना तंत्र और अन्य विभागों के साथ बेहतर तालमेल की अहम भूमिका होती है। इस प्रकार के अभ्यास से पुलिस एवं बचाव दलों को अपनी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है और वास्तविक आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।


Comments