नवीनतम
फीचर्ड
भारत
जिलाधिकारी ने खेत में उतरकर किसान के साथ की धान की कटाई, हसिया चलाकर परखी फसल की उपज
क्रॉप कटिंग में लिया हिस्सा, किसानों से की पराली न जलाने और गौशालाओं में चारा-अनाज दान करने की अपील
राजेश तिवारी ( ब्यूरो )
सोनभद्र, 18 नवंबर। किसानों के प्रति सम्मान और खेती-किसानी से जुड़ाव का संदेश देने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को खुद खेत में उतर गए। उन्होंने राबर्ट्सगंज तहसील के राजस्व ग्राम बिच्छी में किसान राजू कुमार मौर्य के खेत में हसिया चलाकर धान की कटाई की। इस दौरान उन्होंने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में सहभागिता कर धान की पैदावार का आकलन भी किया।

जिलाधिकारी ने किसान के साथ खेत में धान की फसल काटी और क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया को बारीकी से समझा। क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर (43.3 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल का चयन किया गया। चयनित क्षेत्र में धान की कटाई के बाद उपज का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसी आधार पर फसल की उत्पादकता का आकलन किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि फसल कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वातावरण प्रदूषित होता है और वायु गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी नुकसान पहुंचता है। किसान पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने चेतावनी दी कि पराली जलाते पाए जाने पर शासन के प्रावधानों के अनुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने किसानों से एक और मानवीय अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों के पास आवश्यकता से अधिक अनाज, चारा एवं कृषि उत्पादन उपलब्ध है, वे जनपद के गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से चारा और अनाज दान करें। इससे निराश्रित गोवंश को सहारा मिलेगा और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना मजबूत होगी।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, क्षेत्रीय लेखपाल सुबोध कुमार सिंह एवं संज्जन सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Comments