कलक्ट्रेट में ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र स्थापित, मतदाताओं को दी जा रही मतदान प्रक्रिया की जानकारी

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया है। यहां मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर जागरूक किया जा रहा है।
 
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आमजन को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने बुजुर्ग दादा-दादी को भी बुलाकर ईवीएम से मतदान का प्रशिक्षण कराया।
 
प्रदर्शन केंद्र पर लगाए गए जागरूकता बैनर के माध्यम से बताया जा रहा है कि ईवीएम के साथ जुड़ी वीवीपैट मशीन से मतदाता अपने दिए गए वोट की पुष्टि कर सकते हैं। बैलेट यूनिट पर पसंदीदा उम्मीदवार के सामने लगा नीला बटन दबाने के बाद वीवीपैट की स्क्रीन पर लगभग सात सेकेंड तक एक पर्ची दिखाई देती है। इस पर उम्मीदवार की क्रम संख्या, नाम और चुनाव चिह्न अंकित रहता है।
 
मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी देकर मतदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में भी ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
 
जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बनें और मतदान प्रक्रिया को भलीभांति समझें। इस पहल का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें