नवीनतम
फीचर्ड
भारत
डिजिटल शिक्षा को नई गति देगी उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका
शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के प्रभावी उपयोग का मिलेगा प्रशिक्षण; एआई के सुरक्षित इस्तेमाल पर भी जोर
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षण प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से ब्लॉक स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण के लिए 'उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका' तैयार की गई है। इसके माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग, विद्यार्थियों की सीखने संबंधी जरूरतों की पहचान और उन्हें तकनीकी माध्यमों से शैक्षिक सहयोग देने का प्रशिक्षण मिलेगा।
मार्गदर्शिका में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय में उपलब्ध उपकरणों की पहचान, संचालन, शैक्षिक सामग्री तक पहुंच और कक्षा शिक्षण में उनके इस्तेमाल की चरणबद्ध जानकारी दी गई है। प्रशिक्षण के उद्देश्यों, सत्रों के क्रम और डिजिटल संसाधनों के व्यावहारिक उपयोग को भी इसमें शामिल किया गया है।
स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब के संचालन का प्रशिक्षण
मार्गदर्शिका में इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा सहित विभिन्न उपकरणों के संचालन की जानकारी दी गई है। शिक्षकों को उपकरणों को सही क्रम में चालू और बंद करने का तरीका बताया जाएगा। इसके साथ ही सभी उपकरणों का विवरण स्टॉक पंजिका में दर्ज करने पर जोर दिया गया है, ताकि उनका व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
डिजिटल मंचों से मिलेगी पाठ्यक्रम आधारित सामग्री
शिक्षक दीक्षा, शिक्षण प्रबंधन प्रणाली (एलएमएस), पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल मंचों के माध्यम से कक्षा एवं विषयवार शिक्षण सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। मार्गदर्शिका के अनुसार, दीक्षा मंच पर कक्षा एक से आठ तक की 82 क्यूआर कोड युक्त पाठ्यपुस्तकों और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक पाठ्यपुस्तकों के क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित वीडियो और गतिविधियां विद्यार्थियों को दिखा सकेंगे।
पीएम ई-विद्या के माध्यम से टेलीविजन, रेडियो और ऑफलाइन सामग्री का भी उपयोग किया जा सकेगा। प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट उपलब्ध न होने पर पहले से डाउनलोड सामग्री, दीक्षा की ऑफलाइन सुविधा और पेन ड्राइव में मौजूद संसाधनों से पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी।
डिजिटल पुस्तकालय में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकें
डिजिटल पुस्तकालय में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकों के साथ समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं के डिजिटल संस्करण और श्रव्य पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध है। इसके शैक्षणिक माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों की पाठ्यक्रम आधारित समझ का आकलन कर सकेंगे। किसी विषय को समझने में कठिनाई होने पर बच्चों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त अभ्यास सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने संबंधी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी।
विद्यार्थियों की प्रगति का होगा डिजिटल आकलन
मार्गदर्शिका में विद्यार्थियों के आकलन और स्वतंत्र अभ्यास के लिए भी डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया गया है। शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के प्रश्नों के माध्यम से बच्चों का मूल्यांकन कर परिणाम निपुण प्लस ऐप पर दर्ज कर सकेंगे। यदि किसी प्रश्न का उत्तर आधे से अधिक विद्यार्थी गलत देते हैं, तो संबंधित अवधारणा को अगले कालांश में दोबारा पढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
खान एकेडमी और एलएमएस की रिपोर्ट के माध्यम से विद्यार्थियों के अभ्यास और प्रगति पर नजर रखी जा सकेगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए 'मैं करके दिखाता हूं, हम मिलकर करते हैं और बच्चे स्वयं करते हैं' की तीन चरणों वाली पद्धति अपनाने का सुझाव दिया गया है।
एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर
शिक्षक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से पाठ योजनाएं, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की गतिविधियां तैयार कर सकेंगे। हालांकि, एआई से तैयार सामग्री की तथ्यात्मक शुद्धता और पाठ्यक्रम के अनुरूपता की जांच शिक्षक को स्वयं करनी होगी। विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड और अन्य व्यक्तिगत या गोपनीय जानकारी किसी एआई मंच पर साझा नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपकरणों में तकनीकी खराबी आने पर शिकायत दर्ज कराने और उसके निस्तारण की प्रक्रिया भी मार्गदर्शिका में शामिल है। इसके लिए विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर और प्रेरणा पोर्टल के शिकायत प्रकोष्ठ का उपयोग किया जा सकेगा।
डिजिटल संसाधनों से बेहतर होगा बच्चों का सीखने का स्तर: मोनिका रानी
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि इस मार्गदर्शिका के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक मंचों, विद्यार्थियों के आकलन, प्रगति की निगरानी और एआई के जिम्मेदार उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय का प्रभावी इस्तेमाल शिक्षण प्रक्रिया को रोचक और परिणामोन्मुख बनाएगा। इसका उद्देश्य डिजिटल संसाधनों के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है।


Comments