मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बदल रही परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, सुविधायुक्त एवं परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Abhinav Shukla Picture
Published On

अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, सुविधायुक्त एवं परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री की मंशा है कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी बेहतर शैक्षिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो, ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी अपनी प्रतिभा के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें। इसी सोच को धरातल पर साकार करती जनपद अमेठी के शाहगढ़ विकासखंड के अंतर्गत पूरब गांव क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (यूपीएस) पूरे टिकाई तिवारी की कहानी शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और सामूहिक प्रयासों की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है।
 
कभी मूलभूत सुविधाओं के अभाव और कच्चे मिट्टी के फर्श वाले इस विद्यालय ने समय के साथ बदलाव की ऐसी राह पकड़ी कि आज इसका स्वरूप पहले की अपेक्षा काफी बेहतर और आकर्षक हो गया है।
 
विद्यालय की यह परिवर्तनकारी यात्रा बताती है कि शासन की मंशा, प्रशासनिक सहयोग, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों की सहभागिता से सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदली जा सकती है। विद्यालय की प्रधानाध्यापक सुनीता यादव बताती हैं कि वर्ष 2010 में पदोन्नति के बाद जब उन्होंने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया, तब यहां का भौतिक परिवेश काफी सामान्य था। विद्यालय में बच्चों को मिट्टी के कच्चे फर्श पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। आवश्यक संसाधनों एवं मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। हालांकि, सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों में पढ़ने की ललक और आगे बढ़ने का उत्साह हमेशा बना रहा।
 
विद्यालय परिवार ने इसी उत्साह को अपनी प्रेरणा बनाकर धीरे-धीरे बदलाव की दिशा में प्रयास शुरू किए। निरंतर प्रयासों और सहयोग के परिणामस्वरूप आज विद्यालय का भौतिक स्वरूप पहले से काफी बेहतर हो चुका है। विद्यालय में टाइल्सयुक्त फर्श की व्यवस्था की गई है, जिससे परिसर स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक दिखाई देता है। बच्चों के बैठने के लिए बेंच और टेबल उपलब्ध हैं, जिससे उन्हें सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर लगाया गया है। वहीं, विद्यालय परिसर की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है।
 
इससे विद्यालय परिसर सुरक्षित हुआ है और बाहरी जानवरों के प्रवेश से भी बचाव सुनिश्चित हुआ है। इन सुविधाओं ने विद्यालय को बच्चों के अनुकूल बेहतर शैक्षिक परिवेश प्रदान किया है। विद्यालय में बदलाव केवल भवन और सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शैक्षिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिली है। शिक्षकों द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, रचनात्मक गतिविधियों एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
 
बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करते हैं। विद्यालय का बेहतर वातावरण बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित कर रहा है। विद्यालय की प्रगति में शिक्षकों के समर्पण के साथ अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालय की गतिविधियों में अभिभावकों की सहभागिता और बच्चों की शिक्षा के प्रति उनकी सकारात्मक सोच से शैक्षिक वातावरण को और मजबूती मिली है। शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत हैं। प्रधानाध्यापक सुनीता यादव के अनुसार, विद्यालय में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और बेहतर शैक्षिक वातावरण से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को निखारे और भविष्य में अपने परिवार, समाज एवं जनपद का नाम रोशन करे।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, डिजिटल एवं आधुनिक शैक्षिक संसाधनों को बढ़ावा देने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनपद अमेठी का यूपीएस पूरे टिकाई तिवारी इसी व्यापक बदलाव की एक सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें