नवीनतम
फीचर्ड
भारत
‘योगी की पाती’ के 50 से अधिक सप्ताह पूरे, मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन
वनटांगिया सहित कई वंचित समुदायों को अधिकार और सम्मानजनक जीवन देने का किया उल्लेख, संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के स्वर्णिम 50 से अधिक सप्ताह पूरे होने के अवसर पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने इस संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल संदेशों का संकलन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की संवेदना और योजनाओं को पहुंचाने का आत्मीय माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसी व्यवस्था थी, जिसमें मासूम बच्चे इलाज और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहे थे। वहीं, वर्तमान सरकार ने उन्हें बेहतर जीवन देने और वंचितों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की कृपा नहीं, बल्कि संवैधानिक और प्रशासनिक दायित्व है कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे।
वनटांगिया परिवारों को मिला नागरिक अधिकार
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई के बाद इन परिवारों को पौधरोपण और वन संरक्षण के लिए बसाया गया था। बदले में उन्हें भूमि देने का आश्वासन मिला, लेकिन समय के साथ वे उपेक्षा का शिकार होते गए। आजादी के बाद भी कई पीढ़ियां बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से वंचित रहीं। उनके पास पक्के मकान, बिजली, पानी और राशन कार्ड तक नहीं थे।

उन्होंने वर्ष 2005-06 में वनटांगिया परिवारों से हुई मुलाकात का प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनकी समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री बनने के बाद इस दिशा में प्राथमिकता से काम किया गया। उनके अनुसार, आज प्रदेश की 54 वनटांगिया बस्तियों के हजारों परिवारों को नागरिक अधिकार और बुनियादी सुविधाएं मिली हैं।
मुसहर, थारू और कोल समुदायों को भी योजनाओं से जोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया समुदाय के संघर्ष ने मुसहर, थारू, चेरो, गोंड, कोल, बुक्सा और शहरिया जैसे वंचित समुदायों की समस्याओं पर भी ध्यान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में खाद्यान्न घोटाले के बीच गरीब परिवार भूख से मर रहे थे। आज मुसहर समुदाय के परिवारों को जमीन के पट्टे, आवास और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
चित्रकूट के कोल समुदाय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के कई दशक बाद भी अनेक परिवार कच्चे मकानों में रहने को मजबूर थे। अब उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन जीने और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने का अधिकार है।
इंसेफेलाइटिस और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस के खिलाफ चलाए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हर वर्ष बड़ी संख्या में बच्चे इस बीमारी की चपेट में आते थे। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी। उन्होंने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की तत्कालीन स्थिति का उदाहरण देते हुए बताया कि मरीजों की संख्या क्षमता से कई गुना अधिक थी और एक-एक बिस्तर पर कई बच्चों का इलाज करना पड़ता था। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार के निरंतर प्रयासों से इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है।
बेसिक शिक्षा में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले विद्यालयों में भवन, शिक्षक और जरूरी संसाधनों की कमी थी। अब लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को दो जोड़ी वर्दी, स्कूल बैग, किताबें, जूते और मोजे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए ऑपरेशन कायाकल्प चलाया गया है। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय और मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।
योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सरोकारों को स्थान दिया गया है। कई बार सरकारी योजनाएं उपलब्ध होने के बावजूद जानकारी के अभाव में पात्र लोग उनका लाभ नहीं उठा पाते। इसलिए आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी बार-बार देना जरूरी है, ताकि जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंच सके।
कार्यक्रम में दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ला, अमर उजाला के संपादक विजय त्रिपाठी, टाइम्स ऑफ इंडिया के स्थानीय संपादक प्रवीण कुमार, हिंदुस्तान के स्थानीय संपादक सुनील द्विवेदी, हिंदुस्तान टाइम्स के स्थानीय संपादक प्रांशु मिश्रा, नवभारत टाइम्स के संपादक मनीष श्रीवास्तव, इंडियन एक्सप्रेस से उपेंद्र पांडे, न्यू इंडियन एक्सप्रेस से नमिता वाजपेयी, राजीव ओझा, अजीत सिंह सहित विभिन्न समाचार पत्रों और दृश्य-श्रव्य माध्यमों के संपादक उपस्थित रहे।


Comments