नवीनतम
फीचर्ड
भारत
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे, सोमवार को कॉफी टेबल बुक का विमोचन
मुख्यमंत्री करेंगे पुस्तक का लोकार्पण और 1090 परिसर में प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनता से सीधे संवाद की पहल ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर सोमवार, 16 नवंबर को विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में इस संवाद यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। साथ ही 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
‘योगी की पाती’ के माध्यम से मुख्यमंत्री प्रदेश के 25 करोड़ परिवारजनों तक शासन की प्राथमिकताओं, जनसरोकारों और विकास से जुड़े विषयों को पहुंचाते रहे हैं। किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को इसमें प्रमुखता दी गई है। इस पहल का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच आत्मीय संवाद को मजबूत करना है।
संवाद यात्रा का दस्तावेज बनेगी कॉफी टेबल बुक
50 सप्ताह की यात्रा पर तैयार कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री की पातियों के प्रमुख संदेशों, विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों को संकलित किया गया है। पुस्तक में प्रदेश की विकास यात्रा और सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिलेगी। यह संग्रह जनता से संवाद की इस पहल के अब तक के सफर को दस्तावेजी रूप देगा।
1090 परिसर में दिखेगी 50 सप्ताह की यात्रा
विशेष प्रदर्शनी में ‘योगी की पाती’ के विभिन्न सप्ताहों की थीम, संदेशों और उनसे जुड़े जनसरोकारों को चित्रों एवं रचनात्मक माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए आमजन को इस पहल की विषयवस्तु और उद्देश्य से परिचित कराया जाएगा।
सात दिन, सात विषय और सांस्कृतिक संध्याएं
आयोजन के तहत एक सप्ताह तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। हर दिन की संध्या ‘योगी की पाती’ की एक विशेष थीम पर आधारित होगी। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश के सामाजिक जीवन, विकास और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा।
सोमवार को ‘मिट्टी की पाती’ के जरिए किसान, खेती और गोवंश संरक्षण के विषय उठाए जाएंगे। मंगलवार की ‘बेटी की पाती’ महिला सुरक्षा, सम्मान और बेटियों की आकांक्षाओं पर केंद्रित होगी। बुधवार को ‘नौजवान की पाती’ में रोजगार, कौशल और युवाओं के सपनों को स्थान मिलेगा।
गुरुवार की ‘आस्था की पाती’ में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी। शुक्रवार की ‘रफ्तार की पाती’ में एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो और औद्योगिक विकास की तस्वीर सामने रखी जाएगी।
शनिवार की ‘सुकून की पाती’ सुरक्षित प्रदेश, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़े विषयों को समर्पित होगी। वहीं रविवार की ‘आपकी पाती’ में बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।


Comments