दो माह पहले पड़ोसी के घर से चोरी किया मोबाइल, बेचकर शराब पीने की थी तैयारी

पुलिस ने चोरी के मोबाइल सहित आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल

Abhinav Shukla Picture
Published On

सितारगंज, कोतवाली सितारगंज पुलिस ने मोबाइल चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब दो माह पहले अपने पड़ोस के घर से मोबाइल फोन चोरी किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए मोबाइल को बेचकर शराब खरीदने की बात कह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उप जिला कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।
 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर एक चिंतीमजरा निवासी संजय सिंह पुत्र हरनाम सिंह ने 12 सितंबर 2026 को कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर बताया था कि उनका वीवो वी-25 5जी मोबाइल फोन घर में चार्जिंग पर लगा हुआ था। दोपहर करीब दो बजे जब वह मोबाइल लेने पहुंचे तो फोन वहां से गायब था। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घर की गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई। इस दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने की जानकारी सामने आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस चोरी की घटना के खुलासे के लिए प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 11 नवंबर को अपर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह पुलिस टीम के साथ मुकदमे की विवेचना और आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए क्षेत्र में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिंतीमजरा में हुई मोबाइल चोरी की घटना को रामेश्वर सिंह उर्फ पतलू ने अंजाम दिया था। वह चोरी किए गए मोबाइल को बेचकर शराब खरीदने की बात कह रहा है।
 
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने नकुलिया रोड स्थित गोल्डन थाई स्पा सेंटर के सामने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को सामने देखकर आरोपी भागने लगा। इस पर पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया और करीब 50 मीटर आगे सड़क किनारे स्थित एक खाली प्लॉट से उसे दबोच लिया।
 
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी पैंट की दाहिनी जेब से काले रंग का वीवो वी-25 5जी मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल के पहचान नंबर की जांच की गई तो वह संजय सिंह के घर से चोरी हुआ मोबाइल निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने करीब दो माह पहले अपने पड़ोस के घर से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।
 
पुलिस ने आरोपी रामेश्वर सिंह उर्फ पतलू पुत्र छेदा सिंह, निवासी वार्ड नंबर एक चिंतीमजरा, उम्र करीब 50 वर्ष को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल बरामद होने के आधार पर दर्ज मुकदमे में चोरी की संपत्ति बरामद होने से संबंधित धारा की भी बढ़ोतरी की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उप जिला कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।
 
प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
 
मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, अपर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह, मुख्य आरक्षी मतलूब खान और आरक्षी प्रेम कनवाल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें