देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट : योगी
20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को देव दीपावली; सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टरों में बंटेगा घाट क्षेत्र
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित होगा। चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपक भी दीपोत्सव का हिस्सा होंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का आयोजन केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष सजावट एवं दीप प्रज्वलन की व्यवस्था हो। इसी दिन गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में कीर्तन, लंगर और संगत के लिए भी समुचित इंतजाम करने को कहा।
लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी होंगे आकर्षण
24 नवंबर की शाम सभी प्रमुख घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो, दशाश्वमेध एवं अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन होगा।
सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन से निगरानी
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 उपसेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो दल की तैनाती के साथ 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी।
नावों के लिए पहली बार बनेगी दोतरफा लेन
गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वाटर जेट्टी के माध्यम से टू-वे लेन बनाई गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और नदी के रेतीले हिस्से की ओर से वापस लौटेंगी। डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात रहेंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन भी सक्रिय रहेगा।
यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम
शहर को जाम से बचाने के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पं. दीनदयाल अस्पताल सहित 14 अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपदान के बाद उसी रात घाटों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अगले दिन सुबह स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों से भी पर्यटकों को उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की आस्था, परंपरा और आतिथ्य सत्कार का प्रतीक है। आयोजन में स्थानीय लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें।


Comments