नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
जमीन और पानी के विवाद में खूनी संघर्ष
लाठी-डंडों से हमले में कई लोग घायल, बहराइच में उपचार के दौरान गई जान; दो हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
अनिल कुमार गुप्ता
उतरौला (बलरामपुर)
कोतवाली उतरौला क्षेत्र के रजिया हरनीडीह गांव में पट्टीदारों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुरुवार सुबह नल का पानी खेत में जाने को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग राम प्यारे यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे राम प्यारे यादव और उनके पट्टीदार दाताराम यादव व उनके बेटों के बीच विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर पहले से भी रंजिश चली आ रही थी। इसी बीच पानी निकासी को लेकर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। हमले में राम प्यारे यादव समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। राम प्यारे यादव की गंभीर हालत को देखते हुए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बहराइच भेज दिया, जहां उपचार के दौरान दोपहर करीब दो बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह वादी पक्ष के नल का पानी विपक्षी के खेत में जाना सामने आया है। इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे तक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एएसपी ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
#UPPolice #BreakingNews #PoliceInvestigation #CrimeNews #SwatantraPrabhat #UttarPradeshNews #MurderCase #BalrampurNews #BalrampurPolice #LandDispute #FamilyDispute #RuralCrime \#UtraulaNews #UtraulaCrimeNews #RamPyareYadav #FatalFight #WaterDispute #LathiDandaAttack #VillageViolence #ElderlyManDeath #TwoAccusedDetained #ASP VishalPandey #UtraulaKotwali #RajiyaHarnidih #BalrampurLatestNews


Comments