तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल बैंक मित्र की मौत, दो दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में गोपालखेड़ा गांव के सामने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार बैंक मित्र की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई

Abhinav Shukla Picture
Published On

मोहनलालगंज, लखनऊ।  मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में गोपालखेड़ा गांव के सामने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार बैंक मित्र की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
 
गोपालखेड़ा निवासी जयपाल गौतम (पुत्र रामनाथ) बैंक ऑफ इंडिया की मोहनलालगंज शाखा में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत थे। बीते मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह बैंक से बाइक (यूपी 32 बीके 4521) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के सामने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
 
जयपाल गौतम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी संगीता, बेटे आदित्य और बेटी ताशी को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, परिजनों ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल कार व उसके चालक की तलाश में जुटी है।
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें