नवीनतम
फीचर्ड
भारत
प्रदेश के 24,141 अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय के लिए 41 करोड़ रुपये जारी
नवंबर माह के भुगतान के लिए योगी सरकार ने आवंटित किए 41.03 करोड़ रुपये, तीन श्रेणियों के अनुदेशकों को मिलेगा लाभ
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 24,141 अंशकालिक अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय भुगतान के लिए योगी सरकार ने 41 करोड़ 3 लाख 97 हजार रुपये आवंटित किए हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में कार्यरत अनुदेशकों को इस धनराशि से मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा मोनिका रानी ने इस संबंध में सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्हें निर्धारित वित्तीय नियमों और शर्तों का पालन करते हुए अनुदेशकों का मानदेय समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
तीन श्रेणियों में कार्यरत हैं अनुदेशक
परिषदीय विद्यालयों में तीन श्रेणियों के अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हैं। इनमें कला शिक्षा के 8,414, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के 9,574 और कार्यानुभव शिक्षा के 6,153 अनुदेशक शामिल हैं। इन तीनों श्रेणियों के कुल 24,141 अनुदेशकों के नवंबर माह के मानदेय के लिए बजट जारी किया गया है।
वित्तीय नियमों के तहत होगा धनराशि का उपयोग
जारी निर्देशों के अनुसार आवंटित धनराशि का व्यय निर्धारित वित्तीय नियमों और वित्तीय प्रबंधन एवं खरीद संबंधी प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। भुगतान से जुड़े बिल और वाउचर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अभिलेख और अतिरिक्त विवरण निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने होंगे।
निर्देश दिया गया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग केवल उसी मद में किया जाए, जिसके लिए बजट जारी किया गया है। इसे किसी अन्य मद में स्थानांतरित करने या निर्धारित आवंटन से अधिक खर्च करने की अनुमति नहीं होगी।
दोहरा भुगतान होने पर अधिकारी होंगे जिम्मेदार
शासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में दोहरे भुगतान की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा को भुगतान प्रक्रिया समय से पूरी कराने और इसकी प्रगति से राज्य परियोजना कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।


Comments