नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
नाम पूछने के बाद दुकानदार पर की फायरिंग,बाल-बाल बची जान
--लाल रंग की स्कूटी से पहुंचे नकाबपोश युवक ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।
नैनी,प्रयागराज। नैनी कोतवाली क्षेत्र के खान चौराहे पर मंगलवार देर रात चाय की दुकान चलाने वाले दुकानदार पर एक स्कूटी सवार युवक ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। आरोपी ने पहले दुकानदार से उसका नाम पूछा और नाम की पुष्टि होते ही तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लाल रंग की स्कूटी से मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार खान चौराहा निवासी सोनू गुप्ता पुत्र राजू गुप्ता अपने घर पर ही चाय की दुकान चलाते हैं। मंगलवार देर रात वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के कुछ देर बाद ही लाल रंग की स्कूटी सवार एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने लाल रंग के गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। दुकान पर पहुंचते ही उसने सोनू गुप्ता से उनका नाम पूछा। नाम की पुष्टि होते ही आरोपी ने अचानक तमंचे से फायरिंग कर दी।
गोली चलने से दुकानदार घबरा गया, लेकिन संयोगवश गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद आरोपी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही एसीपी करछना कुंजलता और चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित सोनू गुप्ता से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।आसपास के लोगों से भी वारदात के संबंध में पूछताछ की गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपी द्वारा दुकानदार को निशाना बनाए जाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सरेराह हुई फायरिंग से खान चौराहे और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित सोनू गुप्ता ने नैनी कोतवाली में लिखित तहरीर दी है।
#BreakingNews #HindiNews #PoliceInvestigation #CrimeNews #SwatantraPrabhat #गोलीकांड #FiringIncident #PrayagrajNews #NainiNews #पुलिसकार्रवाई #CCTVFootage #प्रयागराज #NainiCrime #UPCrime #नैनी #नैनीकोतवाली #प्रयागराजक्राइम #उत्तरप्रदेशक्राइम #दुकानदारपरफायरिंग #जानलेवाहमला #तमंचेसेफायरिंग #खानचौराहा #सोनूगुप्ता #स्कूटीसवारबदमाश #नकाबपोशबदमाश


Comments