मेवालाल बगिया चौराहे पर दो गुटों में मारपीट

--भीड़ की ओर बढ़ाई कार;पीछा करने के दौरान पलटी बोलेरो हंगामे के चलते मची अफरा-तफरी

हर्षिता यादव  Picture
Published On

नैनी, प्रयागराज। मेवालाल बगिया चौराहे पर सोमवार की देर रात मामूली बात को लेकर दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच सड़क पर हुए विवाद को देखकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान वहां खड़ी एक कार के चालक ने कथित तौर पर अचानक गाड़ी भीड़ की तरफ बढ़ा दी, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी लोगों की ओर बढ़ाई। कार को अपनी तरफ आता देख लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति कार की चपेट में नहीं आया। कार चालक की इस हरकत से नाराज लोगों ने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया।इसी अफरा-तफरी के बीच तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर चौराहे पर पलट गई।

बोलेरो पलटते ही मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ उसकी ओर दौड़ पड़ी। हादसे के चलते चौराहे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की और भीड़ को हटवाया। इसके बाद सड़क पर पलटी बोलेरो को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें