नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
खड़गे पर बरसे भाजपा सांसद बृजलाल, बोले- तुष्टीकरण की राजनीति से बचें
दीवाली की ईद से तुलना को बताया सनातनियों का अपमान, रजाकारों और आतंकी संगठनों पर भी उठाए सवाल
लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीवाली की तुलना ईद से किए जाने संबंधी बयान पर भाजपा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की तुलना से सनातन परंपरा और हिंदुओं की आस्था का अपमान हुआ है। बृजलाल ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक पर्वों की तुलना करना उचित नहीं है।
बृजलाल ने खड़गे के परिवार से जुड़ी वर्ष 1948 की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्नाटक के वरवट्टी गांव में निजाम के रजाकारों ने उनके परिवार के घर को जला दिया था। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में खड़गे की मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। बृजलाल ने सवाल उठाया कि खड़गे रजाकारों का नाम लेने से क्यों बचते हैं? क्या उन्हें राहुल गांधी और सोनिया गांधी की नाराजगी का डर है?
आतंकी संगठनों पर भी उठाए सवाल
भाजपा सांसद ने इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक बताए जाने वाले रियाज और इकबाल भटकल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस संगठन के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा से संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि खड़गे के गृह राज्य कर्नाटक से जुड़े इन आतंकियों और संगठन की गतिविधियों पर भी कांग्रेस अध्यक्ष को अपना पक्ष रखना चाहिए।
बृजलाल ने दावा किया कि इंडियन मुजाहिदीन देश में कई आतंकी धमाकों में शामिल रहा, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। उन्होंने यासीन भटकल को एक मामले में सुनाई गई फांसी की सजा का भी उल्लेख किया।


Comments