दीपोत्सव में दीयों की कतार सजाएंगे अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक
25 बसों से घाटों पर पहुंचेंगे युवा, बुधवार सुबह आठ बजे से शुरू होगा प्रस्थान; दीप सज्जा की तैयारियों में जुटेगी टीम
अयोध्या। अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन में दीप सज्जा की जिम्मेदारी संभालने के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक बुधवार सुबह आठ बजे से 25 बसों के जरिए दीपोत्सव स्थल के लिए रवाना होंगे। घाटों पर पहुंचने के बाद स्वयंसेवक निर्धारित स्थानों पर दीये बिछाने और उन्हें क्रमबद्ध तरीके से सजाने का काम शुरू करेंगे। विश्वविद्यालय की टीम इस बार भी दीपोत्सव के आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए तैयार है।
कुलपति ने अपने संदेश में कहा कि युवा स्वयंसेवक दीपोत्सव की तैयारियों की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। घाटों पर सजाई जाने वाली दीपों की प्रत्येक कतार में युवाओं की निष्ठा, अनुशासन और समर्पण दिखाई देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वयंसेवक अपने सेवाभाव और मेहनत से आयोजन को सफल बनाने में योगदान देंगे और विश्वविद्यालय की टीम एक बार फिर विश्व पटल पर नया कीर्तिमान स्थापित करने में सहभागी बनेगी।
25 बसों के लिए तय किए गए मार्ग
यातायात समिति के समन्वयक प्रो. अनूप कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों के आवागमन की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि 25 बसों के लिए अलग-अलग मार्ग और समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य सभी स्वयंसेवकों को सुरक्षित और समय से दीपोत्सव स्थल तक पहुंचाना है, जिससे वे अपने निर्धारित घाटों पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभाल सकें।
Read More रामलीला देखने उमड़ी भीड,, नारद मोह भंग मंचन के बीच जय श्री राम के जयकारे से गुंजे विंध्य धामपरिचय-पत्र के साथ समय से पहुंचने के निर्देश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्वयंसेवकों और नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। सभी स्वयंसेवकों को अपना परिचय-पत्र साथ रखने और अनुशासन के साथ बसों में निर्धारित स्थान ग्रहण करने को कहा गया है। घाटों पर दीये बिछाने से लेकर दीप सज्जा की व्यवस्था तक स्वयंसेवक आयोजन की तैयारियों में सहयोग करेंगे।


Comments