फीचर्ड
राजनीति
18 साल पुराना धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में नाराजगी
पीसीएफ का आश्वासन रहा कोरा, राज्य मंत्री ने डीएम को केंद्र पूर्ववत संचालित कराने के दिए निर्देश
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
कोन (सोनभद्र ()। कोन क्षेत्र के किसानों के सामने धान बेचने का संकट खड़ा हो गया है। पिछले 18 वर्षों से लगातार संचालित कोन लैम्पस का धान क्रय केंद्र इस बार अब तक नहीं खुला है। किसानों का आरोप है कि केंद्र को रामगढ़ क्रय केंद्र से संबद्ध कर दिया गया है, जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है। इसको लेकर किसानों ने जिलाधिकारी एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ से मिलकर केंद्र पूर्व की भांति संचालित कराने की मांग की है।

किसानों ने बताया कि कोन लैम्पस में पिछले 18 वर्षों से धान खरीद होती रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों को काफी सहूलियत मिलती थी। इस बार केंद्र नहीं खुलने से किसानों को दूसरे क्रय केंद्रों पर धान ले जाने की मजबूरी होगी। इससे परिवहन खर्च बढ़ने के साथ समय की बर्बादी और खेती की अगली तैयारी भी प्रभावित होगी।

किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में सहायक आयुक्त सहकारिता और पीसीएफ प्रबंधक से भी संपर्क किया गया था। पीसीएफ प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारियों ने कोन लैम्पस का धान क्रय केंद्र यथावत रखने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन उनका आश्वासन कोरा साबित हुआ। अब तक केंद्र संचालन को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।

किसानों ने समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। किसानों की मांग पर राज्य मंत्री ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को कोन लैम्पस का धान क्रय केंद्र पूर्व की भांति यथावत संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पीसीएफ प्रबंधक रोहित गुप्ता ने भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षों से चली आ रही व्यवस्था और क्षेत्र के किसानों की सुविधा को देखते हुए कोन लैम्पस में धान क्रय केंद्र तत्काल संचालित कराया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे केंद्रों पर भटकना न पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील चतुर्वेदी, कोन लैम्पस अध्यक्ष सुशील जायसवाल, राजेश त्रिपाठी, सुधीर कुमार, ओमप्रकाश, सुनील कुमार सहित किसान संगठनों एवं मोर्चा के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Comments