यादों के फूल काव्य कृति का हुआ भव्य विमोचन

काव्य संध्या में कवियों ने रचनाओं से बांधा समां, साहित्य और देशभक्ति के रंगों से सराबोर हुई महफिल

राजेश तिवारी Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता

सोनभद्र। जागृति योग संस्थान शाला, न्यू कॉलोनी रॉबर्ट्सगंज में रविवार को कवयित्री अलका केशरी आरिया की काव्य कृति ‘यादों के फूल’ का भव्य विमोचन किया गया। कथाकार रामनाथ शिवेन्द्र की अध्यक्षता एवं प्रकाश मिर्जापुरी के सफल संचालन में आयोजित काव्य संध्या साहित्यिक रचनाओं से सराबोर रही। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों रामनाथ शिवेन्द्र, राकेश शरण मिश्र, प्रद्युम्न त्रिपाठी, अशोक तिवारी, जुल्फेकार हैदर खान, मेघ प्रकाश मिर्जापुरी और कौशल्या कुमारी चौहान ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया। आयोजन में सभी अतिथियों एवं कवियों का अंगवस्त्र, लेखनी और पुस्तिका भेंटकर तथा माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’ ने वाणी वंदना ‘आपन आंचर छांव तले एकै अंगुल गांव दे माई’ की प्रस्तुति से किया। इसके बाद कवियों ने हिंदी और लोकभाषा की ओजपूर्ण कविताओं, गीतों, गजलों एवं छंदों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कौशल्या कुमारी चौहान ने ‘मुझको अबला मत समझो, मैं झांसी वाली रानी हूं’ सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। अशोक तिवारी ने ‘रब से बेगाने, मजहब के दीवाने निकले’ सुनाकर सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया। सोन संगीत फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने देशगीत प्रस्तुत किया, जबकि विवेक चतुर्वेदी ने गजल और विशेष अस्थाना एवं आशीष पाठक ने अपनी कविताओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।

शहीद स्थल करारी के प्रमुख प्रद्युम्न त्रिपाठी ने ‘बंदूक तोप खंजर की बात मत करिये, खूनी मंजर की बात मत करिये’ सुनाकर देश की वर्तमान दशा को रेखांकित किया और खूब तालियां बटोरीं। सोन साहित्य संगम के प्रमुख राकेश शरण मिश्र ने कालजयी चिंतन एवं समसामयिक रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं की कल्पनाशक्ति को नई उड़ान दी। धर्मेश चौहान ने राष्ट्र वंदना प्रस्तुत की। अध्यक्षीय काव्य पाठ में रामनाथ शिवेन्द्र ने ‘हमें रोटियां ही दीजिये, बहुत भूख लगी है, दे रहे हैं गीता-कुरान किसलिए’ सुनाकर सामाजिक यथार्थ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया और आयोजन को सार्थक ऊंचाई प्रदान की।

मंडलायुक्त ने घोरावल में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा Read More मंडलायुक्त ने घोरावल में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा

इस अवसर पर अनिल केसरी, सत्यनारायण गुप्ता, अनीता गुप्ता, जगदीश प्रसाद केसरी, मनोरमा देवी, ठाकुर कुशवाहा, फारुख अली हाश्मी, पुरुषोत्तम कुशवाहा, ऋषभ त्रिपाठी, हर्ष चौहान सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी मौजूद रहे। अंत में पुस्तक की रचनाकार अलका केशरी आरिया ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ककरहवा के ऐतिहासिक रामलीला में रावण के पुतले का दहन होते ही गूंज उठा श्रीराम का जयघोष Read More ककरहवा के ऐतिहासिक रामलीला में रावण के पुतले का दहन होते ही गूंज उठा श्रीराम का जयघोष

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें