फीचर्ड
राजनीति
सपा की पहली सूची पर ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर तंज
बोले- 'बड़के भैया' को जवाब है या इमरान भाई को, ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश
लखनऊ, 25 नवंबर। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यह कांग्रेस के 'बड़के भैया' को जवाब है या 'एम' वाले इमरान भाई को। राजभर ने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराकर अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में प्रत्याशियों की घोषणा की है।
राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन की तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है, लेकिन अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पांच घोषित प्रत्याशियों में चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनके मुताबिक, यह फैसला मुस्लिम वोटों में संभावित सेंधमारी की आशंका को दर्शाता है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि एक तरफ अखिलेश यादव कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर रहे हैं। इससे गठबंधन बचाने की चिंता के साथ अपना राजनीतिक समीकरण बनाए रखने की बेचैनी भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कांग्रेस को भी इस स्थिति पर ध्यान देने की सलाह दी।
राजभर ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से पहले चार मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा महज संयोग है या मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का डर, यह सवाल उठता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने प्रत्याशी भले ही पांच घोषित किए हों, लेकिन उनकी बेचैनी सभी 403 सीटों को लेकर दिखाई दे रही है।


Comments