नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी : जिलाधिकारी
सम्पूर्ण समाधान दिवस में चारों तहसीलों में सुनी गईं 169 शिकायतें, 24 का मौके पर निस्तारण
राजेश तिवारी ( ब्यूरो)
सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप नवंबर माह के तृतीय शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील घोरावल में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय जांच कराने और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच की जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि उसे किसी प्रकार की परेशानी न हो। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। घोरावल तहसील में कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 49 मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील रॉबर्ट्सगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी आशीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुआ। यहां शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के साथ ही कुछ मामलों में टीम भेजकर स्थलीय जांच कराई गई। कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 36 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
तहसील ओबरा में उप जिलाधिकारी रवि पासवान की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। यहां कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 11 मामलों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में तहसील दुद्धी में उप जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए कुल 51 शिकायतें प्राप्त कीं, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 49 प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
चारों तहसीलों में कुल 169 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर एवं टीम भेजकर निस्तारण किया गया। शेष 145 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर निस्तारण आख्या प्रस्तुत की जाए।


Comments