नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
संविधान के मूल्यों की रक्षा करना हर नागरिक का दायित्व : अरुण कुमार सिंह
संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने किया विचार गोष्ठी का आयोजन, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार राम प्रसाद यादव सम्मानित
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
सोनभद्र, 25 नवंबर। संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के तत्वावधान में संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय संविधान को देश के लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए इसकी मूल भावना, गरिमा और आदर्शों की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार राम प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगजीवन सिंह एडवोकेट ने की। संचालन महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान रखना और उसमें निहित आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। अधिवक्ता समाज की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह संविधान, न्याय व्यवस्था और कानून के शासन की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है।
एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान महज शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। संविधान की प्रस्तावना में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने समाज के वंचित, शोषित, गरीब और कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा अपने अधिकारों की रक्षा करने का मजबूत संवैधानिक आधार दिया है। संविधान की सार्थकता तभी सुनिश्चित होगी, जब उसके आदर्श व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी दिखाई देंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार राम प्रसाद यादव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं ने संविधान की गरिमा, न्यायपालिका की स्वतंत्रता, विधि के शासन और नागरिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में चौधरी यशवंत सिंह, राजेश कुमार यादव, प्रेम प्रताप विश्वकर्मा, शाहनवाज आलम खान, कामता प्रसाद, रामगुल्ली, चतुर्भुज शर्मा, दशरथ यादव, उपेंद्रनाथ, टीटू प्रसाद गुप्ता, रोहित यादव, लाल बहादुर पाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
समारोह का मुख्य संदेश यही रहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि कर्तव्यों, सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का मार्गदर्शक भी है। इसकी मूल भावना को आत्मसात करना ही संविधान के प्रति सच्चा सम्मान है।


Comments