फीचर्ड
राजनीति
योगी का सपा पर तंज- 'राधे-राधे तो शुरुआत, अब राम नाम सत्य का समय'
पीडीए को बताया परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी
अखिलेश यादव से रामभक्तों से माफी मांगने को कहा, पीडीए को बताया परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी; सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना
लखनऊ, 25 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था और परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश को रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए पर कटाक्ष करते हुए इसे परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताया। उन्होंने कहा कि सपा की राजनीति परिवार तक सीमित है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना संन्यासी का दायित्व है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना
योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल नजर आ रहा है। एक ओर दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रत्याशियों की घोषणाएं हो रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों ने प्याज भी खाया और जूता भी। भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और प्रत्याशियों का चयन तय प्रक्रिया के तहत होगा।
एसआईआर को बताया मतदाता सूची शुद्ध करने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया है। इसमें मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए तथा प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल रहना चाहिए। विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया।

बीमारू राज्य से विकास के ग्रोथ इंजन तक पहुंचा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। वर्तमान में विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उनके अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट चालू हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। सात शहरों में मेट्रो सेवा भी संचालित हो रही है।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस निर्माण तक बदली तस्वीर
योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया का प्रभाव था और कट्टा-बम बनाने की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि निवेश आकर्षित करने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं और प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर इकाई, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर विकसित किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में तैयार होता है। एमएसएमई और एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
चार लाख खरीदारों को दिलाए आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में करीब चार लाख मकान खरीदार अपने आवास मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने बिल्डरों और खरीदारों के बीच संवाद कर समस्याओं का समाधान कराया और चार लाख लोगों को उनके आवास दिलाए।
साढ़े दस लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य
योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। आगामी 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। टैबलेट वितरण योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को लाभ मिला, जबकि दूसरे चरण में 25 लाख का लक्ष्य रखा गया है।
बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। कानून को चुनौती देने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
मोदी को बताया आदर्श, कमल के निशान पर लड़ने की बात
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श और सर्वमान्य नेता बताया। उन्होंने स्वयं को पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि भविष्य में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाएंगे। कमल का फूल ही भाजपा का चुनाव चिह्न है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी टिप्पणी की और बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की ताकत बताया।
माता के निधन के बाद भी निभाया संन्यासी धर्म
मुख्यमंत्री ने अपनी माता के निधन के दिन अंतिम संस्कार से जुड़े संस्कार संपन्न करने के बाद हरिद्वार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी और कार्यक्रम में शामिल होने का प्रसंग साझा किया। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।


Comments