मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, युवा एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर

Abhinav Shukla Picture
Published On

अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने  कलेक्ट्रेट कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।
 
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में 28 एवं 29 नवंबर 2026 (शनिवार एवं रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती सुनिश्चित करें।
 
जिन राजनीतिक दलों द्वारा अभी तक बीएलए नामित नहीं किए गए हैं, वे तत्काल उनकी तैनाती कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनकी आयु निर्धारित अर्हता के अनुसार मतदाता बनने की है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनके फार्म-6 भरवाकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कराए जाएं।
 
उन्होंने कहा कि बीएलओ एवं बीएलए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कराते हुए पुनरीक्षण अवधि में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के अधिक से अधिक फार्म-6 भरवाकर जमा कराए जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके साथ ही मतदाता सूची में यदि किसी मृतक, डुप्लीकेट अथवा अन्यत्र स्थानांतरित मतदाता का नाम दर्ज है तो नियमानुसार संबंधित परिवार के सदस्य अथवा पात्र व्यक्ति द्वारा फार्म-7 भरकर नाम विलोपन के लिए आवेदन किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं पात्र मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुनरीक्षण अभियान में सभी की सहभागिता से पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में मदद मिलेगी।
 
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें