नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
जनपद में 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान
पात्र मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं अपना नाम, दोनों दिन बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ; पढ़कर सुनाई जाएगी मतदाता सूची
ब्यूरो रिपोर्ट
सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने से रोकने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 28 एवं 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। मतदाता सूची को पढ़कर भी सुनाया जाएगा, ताकि लोग अपने नाम की पुष्टि कर सकें और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें और अभियान में सहयोग प्रदान करें। साथ ही बीएलओ को सक्रियता से कार्य करने तथा मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शम्भू नारायण सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय प्रभारी अनिल प्रधान, अपना दल एस के जिला मीडिया सचिव नीरज सिंह पटेल, बसपा के श्यामलाल एवं श्रवण कुमार, सीपीआई (एम) के जिला मंत्री नन्दलाल आर्य तथा आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह उपस्थित रहे।


Comments