नकली ऑटो पार्ट्स बेचने वाले तीन दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज 

कस्बे में ब्रांडेड महिंद्रा कंपनी के नाम से नकली ऑटो पार्ट्स बेचने के खेल का भंडाफोड़ हुआ है

Abhinav Shukla Picture
Published On

कोंच(जालौन)- कस्बे में ब्रांडेड महिंद्रा कंपनी के नाम से नकली ऑटो पार्ट्स बेचने के खेल का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार की देर शाम कंपनी के हेड ऑफिस से आई जांच टीम ने कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर तीन दुकानों पर अचानक छापा मारकर तमाम नकली पार्ट्स बरामद किए हैं। जांच टीम द्वारा उक्त तीनों दुकानदारों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने बरामद नकली पार्ट्स सीज कर उन्हें अपने कब्जे में लेकर तीनों दुकानदारों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस कार्यवाही से कस्बे में ऑटो पार्ट्स दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। 
 
जानकारी के अनुसार, कस्बे में महिंद्रा जैसी ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली ऑटो पार्ट्स बेचने की लंबे समय से मिल रही शिकायतों को संज्ञान लेकर कंपनी के हेड ऑफिस से अजय कुमार और अमित कुमार मंगलवार की देर शाम करीब 6 बजे कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने कोतवाली पुलिस को साथ लेकर कोंच-उरई रोड पर खुली भारत ऑटो पार्ट्स, हसीब ऑटो पार्ट्स और एक अन्य दुकान पर छापा मारा। इस दौरान जांच टीम ने कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली एयर फिल्टर, ऑयल फिल्टर, डिस्क प्लेट, क्लिच प्लेट गुल्ला आदि पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने उक्त सभी नकली पार्ट्स सीज कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिए।
 
जांच टीम की तहरीर पर पुलिस ने दुकानदार वकील अहमद, हसीब खान और अकील अहमद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल निगवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिंद्रा ऑटो पार्ट्स कंपनी की जांच टीम की तहरीर पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नकली पार्ट्स बेचने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और नकली पार्ट्स सीज कर कब्जे में लिए गए हैं, जांच में जो तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। कंपनी के जांच अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि कंपनी के नाम से ब्रांडेड पार्ट्स की लोगों से कीमत वसूलकर नकली पार्ट्स बेचकर धोखाधड़ी किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कंपनी द्वारा की गई गोपनीय जांच में शिकायतें सही मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें