नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
50 करोड़ की सड़क पर सवालों की परतें! कोन-विंढमगंज मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी के आरोप
20 एमएम की जगह फ्लेंची गिट्टी के इस्तेमाल का दावा, बालू और गिट्टी पर सवाल; आरसीसी में सरिया की दूरी भी संदेह के घेरे में, डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग
गुणवत्ता पर सवाल, जांच की मांग तेज
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
कोन / सोनभद्र । 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे कोन-विंढमगंज मार्ग के निर्माण में मानकों की अनदेखी के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों ने गिट्टी, बालू और आरसीसी निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

आरोप है कि निर्धारित 20 एमएम गिट्टी की जगह फ्लेंची गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं 10 एमएम गिट्टी में धूल की अधिकता और बालू के अत्यधिक महीन होने पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरसीसी में सरिया के बीच दो से तीन फीट की दूरी होने का दावा करते हुए निर्माण की मजबूती पर संदेह जताया गया है।
निर्माण स्थल पर एसएस कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी मौजूद मिले, लेकिन गुणवत्ता से जुड़े सवालों पर उन्होंने जवाब नहीं दिया। मौके पर पीडब्ल्यूडी का कोई जिम्मेदार अधिकारी भी नहीं मिला। इस संबंध में अवर अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने फोन पर निर्माण कार्य में सुधार कराने का भरोसा दिया।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों से औचक निरीक्षण कराकर निर्माण सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराने तथा स्वीकृत डिजाइन के अनुसार सरिया और कंक्रीट की गुणवत्ता का सत्यापन कराने की मांग की है। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।


Comments